Download App

बेगूसराय ने राज्य स्तर पर स्थापित किया एक नया कीर्तिमान, जानिए ..

बेगूसराय, बिहार दूत न्यूज।

बेगूसराय ने एक बार फिर राज्य स्तर पर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

जीविका, बेगूसराय द्वारा स्वयं सहायता समूहों के बीच एक दिन में सबसे ज्यादा ऋण वितरण कर एक नया रेकॉर्ड बनाया है एवं राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। गुरुवार को राज्य स्तर पर ऋण वितरण समारोह का आयोजन किया गया था, जिसमें बेगूसराय के विभिन्न प्रखंडों के कुल 2552 जीविका स्वयं सहायता समूहों के बीच 50 करोड़ से अधिक की ऋण राशि का वितरण किया गया। जीविका दीदियों के बीच यह ऋण जीविकोपार्जन की गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए वितरित किया गया है। ऋण वितरण में दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक के सहयोग से 19.80 करोड़, यूको बैंक के सहयोग से 16.76 करोड़, भारतीय स्टेट बैंक द्वारा 4.56 करोड़, पंजाब नेशनल बैंक द्वारा 3.60 करोड़, इंडियन बैंक द्वारा 2.60 करोड़, बैंक ऑफ इंडिया द्वारा 1.90 करोड़, बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा 0. 82 करोड़ का ऋण समूह की दीदियों के बीच वितरित किया गया।
जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक अविनाश कुमार ने बताया कि गुरुवार 12 अक्टूबर को जहां 2552 समूहों के बीच 50 करोड़ से अधिक की ऋण राशि का वितरण किया गया, वहीं सितम्बर माह में जीविका, बेगूसराय द्वारा 6310 समूहों के बीच कुल 113.40 करोड़ का ऋण वितरण समूह की दीदियों के बीच किया गया। जीविका दीदियों के बीच ऋण वितरण में जीविका, बेगूसराय अव्वल रहा है। उन्होंने बताया कि इस ऋण वितरण का उद्देश्य दीदियों को त्योहारों के मौसम में स्वरोजगार की विभिन्न गतिविधियों से जोड़ना या पूर्व में किसी भी प्रकार की जीविकोपार्जन गतिविधि से जुड़ी दीदियों को और ज्यादा पूंजी उपलब्ध करवाना है। डीपीएम ने बताया कि यह ऋण वितरण जीविका दीदियों के जीवन में नया आयाम स्थापित करेगा। उल्लेखनीय है कि जीविका, बेगूसराय द्वारा जीविका दीदियों को लखपति दीदी बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है एवं उन्हें ऋण उपलब्ध कराकर जीविकोपार्जन की गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है।

Leave a Comment

क्या वोटर कार्ड को आधार से जोड़ने का फैसला सही है?
  • Add your answer
Translate »
%d bloggers like this: