खगड़िया, बिहार दूत न्यूज।
संजय कुमार सिंह, कार्यपालक निदेशक, राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार ने सदर अस्पताल, खगड़िया का निरीक्षण किया और यहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का सूक्ष्म अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। वे बिहार विधान परिषद के द्विवार्षिक निर्वाचन 2022 हेतु बेगूसराय सह खगड़िया स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के प्रेक्षक भी हैं।
कार्यपालक निदेशक ने सर्वप्रथम सदर अस्पताल में निर्माणाधीन कोविड-19 अवलोकन किया और इसे जल्दी पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने विभिन्न ओपीडी सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। सदर अस्पताल के प्रबंधक शशिकांत ने उन्हें विस्तार से उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने स्तनपान कक्ष, ओपीडी चिकित्सकों के कक्ष, बच्चा वार्ड, शिशु प्ले जोन, शिशु एचडीयू का निरीक्षण किया। प्ले जोन से वे खासे प्रभावित हुए और इसे अन्य अस्पतालों में लागू करने की बात कही।
उन्होंने लक्ष्य सर्टिफिकेशन प्राप्त करने के लिए प्रसव कक्ष, ऑपरेशन थिएटर और यहां उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया और जल्द से जल्द इसे प्राप्त करने का निर्देश दिया।
विदित हो कि लक्ष्य सर्टिफिकेशन का कार्य भारत सरकार के एक टीम द्वारा अस्पताल का निरीक्षण कर यहां उपलब्ध आवश्यक सुविधाओं एवं सेवाओं के आधार पर किया जाना है और बिहार के सभी सदर अस्पतालों को लक्ष्य सर्टिफिकेशन प्राप्त किया जाना अनिवार्य किया गया है।
कार्यपालक निदेशक ने सदर अस्पताल के साफ-सफाई की व्यवस्था की सराहना की। साथ ही उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध दवाओं के संबंध में सूचना देने वाले डिस्प्ले बोर्ड की भी तारीफ की और इसे भी अन्य अस्पतालों में लगाने की बात कही। उन्होंने दीदी की रसोई का भी भ्रमण किया। सदर अस्पताल में जल निकासी संबंधित समस्या के निराकरण का भी उन्होंने आश्वासन दिया।
कार्यपालक निदेशक, राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार संजय कुमार सिंह द्वारा निरीक्षण के वक्त अपर समाहर्ता शत्रुंजय कुमार मिश्रा, सिविल सर्जन डॉ अमरनाथ झा, अनुमंडल पदाधिकारी खगड़िया अमित अनुराग, क्षेत्रीय कार्यक्रम प्रबंधक, मुंगेर रूपनारायण शर्मा, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ वाईएन प्रयासी, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ देवनंदन पासवान, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, स्वास्थ्य पवन कुमार, अस्पताल प्रबंधक शशिकांत कुमार सहित सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
