बिहार दूत न्यूज़, मुजफ्फरपुर।
मुजफ्फरपुर क्लब मैदान में कुढ़नी उपचुनाव में महागठबंधन के जदयू प्रत्याशी मनोज कुशवाहा के नामांकन सभा में महागठबंधन के नेताओं ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा कि महागठबंधन के भाजपा मुक्त भारत अभियान की शुरुआत कुढ़नी से होगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रत्याशी मनोज कुशवाहा को जोरशोर से चुनाव मैदान में उतरने को कहा।
उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि कुढ़नी को भाजपा मुक्त बनाना है।
कार्यकर्ताओं से कहा, 24 घंटे सतर्क रहने की जरूरत है। हमारी लड़ाई देश के सबसे बड़े षड्यंत्रकारी से है। ये लोग सिर्फ देश को बांटने का काम करते हैं। भाजपा का नाम बड़का झूठा पार्टी बताते हुए ललन सिंह ने कहा कि ये सिर्फ झूठ बोलने का काम करती है।
जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि गोपालगंज में बीजेपी को सहानुभूति जीत मिली है। कुढ़नी में कोई फर्क नहीं पड़ेगा। महागठबंधन के उम्मीदवार जीतेंगे। राजद के वरीय नेता पूर्व मंत्री अब्दुल बारी सिद्दिकी ने कहा कि भाजपा का नया नाम रातजगवा व दिन सोअवा पार्टी है। इसलिए सावधान रहें। यह लोग देश को बांटने का काम करते हैं। मनोज कुशवाहा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का आभार जताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता व संचालन राजद के जिलाध्यक्ष रमेश गुप्ता तथा धन्यवाद ज्ञापन जदयू नेता सुबोध कुमार सिंह ने किया। इनकी रही भागीदारी
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, जिलाध्यक्ष मनोज कुमार किसान, मंत्री श्रवण कुमार, मंत्री आलोक मेहता, मंत्री इसराइल मंसूरी, मंत्री लेसी सिंह, मंत्री सुनील कुमार, विधान पार्षद दिनेश प्रसाद सिंह, विधायक राजीव कुमार मुन्ना यादव, विधान पार्षद कारी सौहेब, विधायक निरंजन राय, विधायक विजेन्द्र चौधरी, विधायक पंकज मिश्रा, पूर्व विधायक महेश्वर यादव, पूर्व विधायक गुलाम जिलानी वारसी आदि ने भी संबोधित किया।