Download App

CM नीतीश ने बांका में ओढ़नी जलाशय का किया भ्रमण..

बांका/पटना, बिहार दूत न्यूज।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज बांका जिले के बांका प्रखंड स्थित ओढ़नी जलाशय का भ्रमण कर निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने मोटरवोट से जलाशय का भ्रमण कर इसका जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने ओढ़नी जलाशय के दूसरे छोर पर उतरकर वहां की मनोरम वादियों में भी कुछ पल बिताये। ओढ़नी जलाशय बांका जिला मुख्यालय से लगभग 16 किलोमीटर दूर मनोरम वादियों के बीच स्थित है। इसका निर्माण वर्ष 2001 में किया गया था। इस जलाशय की प्राकृतिक रुपरेखा को ध्यान में रखते हुए बिना किसी
छेड़छाड़ के सारे कार्य किये जा रहे हैं। डैम साइड कैम्पिंग, मेडिटेशन कैम्प, मड हाऊस स्टे, जंगल सफारी, नेचर सफारी, माउंटेन कैम्पिंग, डैम साईड साइक्लिंग, बर्मा ब्रीज, जिप लाइन और डैम विशेष में कई सारे परदेशी पक्षियों के आगमन उपरांत बर्ड वाचिंग का अद्भूत संयोग बनता है। यहां की भौगोलिक संरचना भी काफी अच्छी है।
भ्रमण के बाद आईलैंड पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हम पहली बार यहां आए हैं। हमने इस जलाशय का निरीक्षण किया है। पर्यटन के दृष्टिकोण से यह काफी महत्वपूर्ण स्थल है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यहां सरकार द्वारा योजनाबद्ध ढंग से काम किया जा रहा है। हमने भी भ्रमण और निरीक्षण के दौरान कुछ सुझाव दिये हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ी इलाके में वृक्षारोपण कराया जा रहा है। इस बात का भी ध्यान रखा जा रहा है कि यहां के पुराने वृक्षों की प्रजातियों को भी सुरक्षित रखा जाय। यहां राज्य के साथ-साथ बाहर से भी पर्यटक घूमने आयेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने आज पुरातात्विक स्थल भदरिया का भी एरियल सर्वे किया है। इस जगह की खुदाई होने पर दो से ढाई हजार वर्ष पहले के इतिहास की भी जानकारी मिलेगी। उन्होंने कहा कि खेती के लिए भी इस जलाशय का उपयोग किया जाता है। पर्यटन को बढ़ावा देने की यहां काफी गुंजाइश है। पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिकोण से भी यह स्थल महत्वपूर्ण है। यहां हरियाली और जल का संरक्षण हो रहा है। इस जलाशय की साफ-सफाई की भी व्यवस्था की गई है। नई पीढ़ी के लोगों के साथ ही आने वाले पर्यटकों को यहां आकर काफी कुछ जानने और समझने को मिलेगा।
भ्रमण के दौरान उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, जल संसाधन मंत्री संजय झा, पर्यटन मंत्री नारायण प्रसाद, ग्रामीण कार्य मंत्री जयंत राज, सांसद गिरधारी यादव, पूर्व मंत्री सह विधायक राम नारायण मंडल, विधायक मनोज यादव, विधायक ललित नारायण मंडल, पूर्व विधायक मनीष कुमार सहित सभी जनप्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, पर्यटन विभाग के सचिव संतोष कुमार मल्ल, आयुक्त भागलपुर प्रमंडल प्रेम सिंह मीणा, जिलाधिकारी सुहर्ष भगत, पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार गुप्ता सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Comment

[democracy id="1"]
Translate »